देवभूमि उत्तराखंड पर्वतीय महासभा की ओर से चामुंडा मंदिर परिसर में वसंतोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय विद्यालयों की लोक नृत्य गीत की प्रतियोगिता हुई और सांस्कृतिक विभाग देहरादून से आई सांस्कृतिक टीम ने मनमोहक नृत्य गीत से दर्शकों को सराबोर कर दिया। ‘आवा दगड़ियों उत्तराखंड स्वर्ग बणोला, पढ़ोला लिखौला उत्तराखंड को नशा मुक्ति करोला’ गीत के प्रस्तुतिकरण की काफी सराहना हुई।
रविवार को चामुंडा मंदिर परिसर में पहली बार वसंतोत्सव का आयोजन किया गया। विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बाबा ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों से सामाजिक एकता बढ़ती है। शिवालिक स्कूल, तुलाराम स्कूल, सरोजनी देवी स्कूल, ब्लूमिंग स्कूल, डेफोडिल स्कूल, जेनेसिस स्कूल, नीलकंठ स्कूल, शिवांगी स्कूल के साथ साथ श्यामपुरम, पशुपति विहार, कृष्णा नगर की टीमों ने सांस्कृतिक लोक गीत नृत्य प्रतियोगिता में भाग लिया।
राज्य सरकार की संस्कृति विभाग की बीना भट्ट के संरक्षण में आईं ब्रह्म कमल सांस्कृतिक मंच के कलाकारों की प्रस्तुती को लोगों ने खूब सराहा। इससे पहले देवभूमि पर्वतीय महासभा के अध्यक्ष बीडी कांडपाल, मुख्य संयोजक चंद्र भूषण डोभाल, संयोजक ज्ञानेंद्र जोशी, महासचिव मोहन बिष्ट, महिला शाखा की अध्यक्ष अर्चना लोहनी, व्यवस्थापक डीपी जुयाल ने केसी सिंह, बाबा विशिष्ट अतिथि विधायक हरभजन सिंह चीमा, मनोज जोशी, मुकेश मेहरोत्रा, डा.कीर्ति पंत, डा.दीपिका गुडिय़ा, संस्कृति विभाग की बीना भट्ट का स्वागत किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं, प्रतिभावान पर्वतीय समाज के छात्रों, राष्ट्रीय खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समाज के प्रति समर्पित रहने के लिए हीरामणि बलोदी, सीबी डोभाल, गोविंद सिंह रावत, जीवन तिवारी, ज्ञानेंद्र जोशी, हरिदत्त उपाध्याय को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बलवीर शाह, ललित भट्ट, एलडी मिश्रा, घनश्याम जोशी, योगेश जोशी, पुष्कर बिष्ट, हिमांशु पंत, अमिताभ सिजवाली, ललित भट्ट, डा.गिरीश तिवारी आदि थे।