रुद्रपुर। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का मतदान बृहस्पतिवार को होगा। प्रथम चरण के 922 मतदेय स्थलों पर मतदान होना है। मतदेय स्थलों सहित 10 प्रतिशत रिजर्व कार्मिकों की तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही 2500 मतगणना कार्मिकों का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया।
पंचायत चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मंगलवार को जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) नितिन सिंह भदौरिया और प्रेक्षक दीप्ति सिंह की उपस्थिति में कलक्ट्रेट में प्रथम चरण के 5080 मतदान कार्मिकों का तृतीय रेंडमाइजेशन किया गया। साथ ही 2500 मतगणना कार्मिकों का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में विकास खंड खटीमा, सितारगंज, गदरपुर व बाजपुर में सफलता पूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए 1016 मतदान पार्टियों के 5080 मतदान कार्मिकों का तृतीय रेंडमाइजेशन किया गया। इसके साथ ही मतदान पार्टियाें के तृतीय रेंडमाइजेशन से उनके बूथ आवंटित कर दिए गए। रेंडमाइजेशन में सीडीओ दिवेश शाशनी, एडीएम पंकज उपाध्याय, सीईओ/नोडल कार्मिक केएस रावत, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट आदि मौजूद रहीं।