काशीपुर। आंबेडकर पार्क जनकल्याण सेवा समिति ने राष्ट्रपति से महाबोधि विहार मंदिर में बौद्धों के साथ घटित विभिन्न समस्याओं की जांच कराकर निस्तारण कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बृहस्पतिवार को समिति के बैनर तले भारी संख्या में लोगों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय के कर्मी को सौंपा। इसमें उन्होंने कहा कि महाबोधि विहार मंदिर की देखरेख के लिए बनाया गया एक्ट-1949 निरस्त कर मंदिर को बौद्धों को सौंपा जाए। साथ ही शांति पूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे बौद्ध भिक्षुओं पर कुछ लोगों की ओर से किए गए हमले एवं मारपीट की जांच हो। उन्होंने कहा 12 मई को पूर्णिमा पर राज्यपाल ने कुछ कर्मकांड किए हैं। इससे बौद्धों की भावनाएं आहत हुई है। इसकी जांच कराकर उनके खिलाफ संवैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में समिति अध्यक्ष चंद्रहास गौतम, राजेश कुमार गौतम, हरिप्रसाद, राम सिंह, मान सिंह, कपिल, दीपक हुड्डा, जसवंत आदि रहे।