काशीपुर। काशीपुर से नैनीताल के लिए सीधी बस सेवा शुरू कराने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्रवासियों ने परिवहन मंत्री को पत्र भेजकर जल्द बस का संचालन कराने की मांग की है।
काशीपुर के धीरेंद्र कोठारी, दीपक शर्मा, अमित सिंह आदि ने भेजे पत्र में बताया है कि काशीपुर से नैनीताल के लिए सीधी बस नहीं चलती है। नैनीताल जाने वाले यात्रियों और सैलानियों को पहले रामनगर या हल्द्वानी जाना पड़ता है। वहां से वाहन बदलकर वह नैनीताल को जाते हैं। इससे यात्रियों का समय और धन दोनों बर्बाद होता है। कई बार वाहन नहीं मिलने पर लोगों को घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ती है। नैनीताल में बड़ी संख्या में काशीपुर के विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। कई लोग नौकरी, व्यापार और उपचार के लिए नियमित रूप से आवाजाही करते हैं। इसके अलावा नैनीताल, भवाली, भीमताल और रामगढ़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग पर्यटन के लिए जाते हैं। सीधी बस नहीं होने से उन्हें निजी या महंगे किराए पर आना-जाना पड़ता है। लोगों ने मांग की है कि सुबह के समय काशीपुर से नैनीताल और शाम को नैनीताल से काशीपुर के लिए बस चलाई जाए।