रुद्रपुर के कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते सितारगंज पालिकाध्यक्ष और सभासद।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। सितारगंज नगर पालिका में तैनात जूनियर इंजीनियर के तबादले की मांग को लेकर पालिकाध्यक्ष और नौ सभासदों ने कलक्ट्रेट में सांकेतिक प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर बोर्ड के सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी दी। डीएम ने मामले में उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
मंगलवार को सितारगंज पालिका अध्यक्ष हरीश दुबे की अगुवाई में सभासदों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम रंजना राजगुरू से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एक मार्च को पालिका बोर्ड की निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक हुई थी। इसमें ठेकेदार और सभी सभासदों ने शिकायत की थी कि जूनियर इंजीनियर अपने कार्यों में ध्यान नहीं देते हैं।
न ठेकेदारों को कार्यों के आगणन के संबंध में जानकारी दी जाती है और न ही किए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की देखरेख की जाती है। उपस्थिति पंजिका में दस्तखत करने के बाद वे चले जाते हैं और मोबाइल बंद कर देते हैं। आरोप लगाया कि जब जूनियर इंजीनियर से निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी मांगी गई तो उन्होंने झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
इस पर सभासदों ने बैठक का बहिष्कार करने के साथ ही जूनियर इंजीनियर के तबादले और किसी अन्य विभाग के जूनियर इंजीनियर की नियुक्ति का प्रस्ताव पारित किया। इससे पूर्व भी इनकी शिकायत मुख्य सचिव, शहरी विकास मंत्री से भी की जा चुकी हैं। कहा कि आज तक इनका तबादला नहीं होने से बोर्ड में रोष है। उन्होंने डीएम से जूनियर इंजीनियर के तबादले की मांग की।
पालिकाध्यक्ष दुबे ने बताया कि डीएम ने मामले में शासन को पत्र लिखने और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है। वहां नूर बेग, प्रमोद रावत, जहूर इस्लाम, रहमत हुसैन, राधेश्याम सागर, नितिन चौहान, पंकज गहतोड़ी, सचिन गंगवार आदि थे।