खटीमा। खटीमा के अधिवक्ताओं और उद्यमियों ने भी ऊधमसिंह नगर जिले में वाणिज्यिक न्यायालय खोलने की मांग की। उद्योग संबंधी लेनदेन के विवादों की पत्रावलियां बड़ी संख्या में देहरादून स्थानांतरित हुईं हैं। इस प्रक्रिया से वादकारियों और अधिवक्ताओं का समय और धन के दुरुपयोग के साथ ही अनावश्यक लंबी यात्रा के प्रति चिंतित रहना पड़ता है।
वरिष्ठ अधिवक्ता कुमाऊं का वाणिज्यिक न्यायालय खटीमा में खोलने की मांग कर रहे हैं। खटीमा में कुमाऊं का वाणिज्यिक न्यायालय खुलने से चंपावत, पिथौरागढ़ सहित कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों के वादकारियों और अधिवक्ताओं को सुविधा मिलेगी।
वादकारियों और अधिवक्ताओं ने कहा कि वाणिज्यिक न्यायालय प्रदेश की राजधानी देहरादून में होने के कारण कई वाद दायर करने से भी वादकारी और अधिवक्ता बच रहे हैं। हल्द्वानी में खोला गया वाणिज्यिक न्यायालय कुमाऊं मंडल के वादकारियों और अधिवक्ताओं को राहत नहीं दिला सका। वादकारी और अधिवक्ता देहरादून में वाद की सुनवाई को दूर और दुर्लभ न्याय बता कर सुलभ और सस्ते न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।
ऊधमसिंह नगर में वाणिज्यिक न्यायालय खुलने पर कुमाऊं मंडल के वादकारियों और अधिवक्ताओं को सुलभ और सस्ता न्याय मिल सकता है। उत्तराखंड का जन्म स्थान रहे खटीमा में कुमाऊं मंडल का वाणिज्यिक न्यायालय खुलने पर सस्ता और सुलभ न्याय मिल सकता है। - मो. रजा, वरिष्ठ अधिवक्ता खटीमा।
देहरादून में न्याय पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। कुमाऊं मंडल का वाणिज्यिक न्यायालय खटीमा में खुलना चाहिए। इससे सुलभ आसानी से न्याय मिल सकता है। ऐसा न होने पर वाणिज्यिक न्यायालय देहरादून के बजाय ऊधमसिंह नगर में खुलना चाहिए। - हरीश चंद्र वर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता खटीमा।
कुमाऊं मंडल का वाणिज्यिक न्यायालय ऊधमसिंह नगर में खुलना चाहिए। देहरादून में वाणिज्यिक न्यायालय बनने से स्थानीय वादकारियों और अधिवक्ताओं को बहुत परेशानी होती है। देहरादून जाने से क्षेत्र के व्यापारियों को धन और समय की बर्बादी का सामना करना पड़ता है। - शाहाना बेगम, अधिवक्ता खटीमा।
वर्ष 2015 में हल्द्वानी वाणिज्यिक न्यायालय खुलने के बाद भी सुनवाई देहरादून से हो रही थी। इससे वादकारियों के समय और धन की बर्बादी हुई। उद्यमी वादकारी और अधिवक्ता इस मामले में अत्यधिक परेशान थे। सस्ता और सुलभ न्याय के लिए न्यायालय नजदीक में स्थापित होना चाहिए। - हरीश चंद्र जोशी, अधिवक्ता खटीमा।