काशीपुर। दहेज में पांच लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग को लेकर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ग्राम मुकंदपुर निवासी परमजीत कौर ने सीओ को सौंपे प्रार्थनापत्र में बताया कि उसकी शादी अक्तूबर 2021 में ग्राम ध्यानपुर नानकमत्ता निवासी देवेंद्र सिंह से हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप लगाया कि पति व ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने पति के विरुद्ध परिवार न्यायालय में खर्चे के लिए वाद दायर कर दिया था। इसके बाद उसका पति राजीनामा करके उसे व बच्चों को अपने साथ ले गया लेकिन फिर उसे मायके छोड़ दिया गया।
आरोप है कि 20 नवंबर 2025 की सुबह जब उसकी बुआ प्रेम कौर उसको ससुराल छोड़ने गई तो पति देवेंद्र सिंह, जेठ निशान सिंह, अंग्रेज सिंह व जगदीश, जेठानी बेअंत कौर व सोनी कौर, ननदोई कुलवंत सिंह और ननद परमजीत कौर ने उसके साथ अभद्रता कर धक्का-मुक्की की। ससुरालियों ने दहेज में पांच लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग की। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह बुआ के साथ नानकमत्ता थाना गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने सीओ के आदेश पर महिला के पति समेत अन्य ससुरालियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।