काशीपुर। दस टायरा डंपर की टक्कर से कार सवार देहरादून निवासी राज्य आंदोलनकारी की मौत हो गई जबकि उनके जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
हर्बटपुर, देहरादून निवासी राज्य आंदोलनकारी जीवन चंद्र भट्ट (52) पुत्र जयदत्त भट्ट रविवार सुबह अपनी मां तुलसी देवी के साथ अपनी कार से रिश्तेदारी में बरेली जा रहे थे। उनके साथ देहरादून निवासी राहुल भट्ट भी था। काशीपुर पहुंचकर उन्हें रामनगर निवासी अपने जीजा रमेश चंद्र शर्मा और बहन देवकी को भी अपने साथ लेना था। जीजा और बहन उनका केवीआर अस्पताल के पास एनएच पर इंतजार कर रहे थे।
सुबह करीब छह बजे जीवन ने अपने जीजा और बहन को बैठाने के लिए कार सड़क किनारे रोकी। कार का गेट खोलते समय पीछे से तेज गति से आ रहे दस टायरा डंपर के चालक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। दुर्घटना में आगे की सीट पर बैठे जीवन चंद्र के दोनों पैर टूट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके जीजा रमेश भी घायल हो गए जबकि उनकी मां और बहन बाल-बाल बच गए।
राहगीरों की मदद से दोनों घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण जीवन चंद्र की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कुंडा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जीवन राज्य आंदोलनकारी रहे हैं। वह देहरादून भाजपा के पूर्व जिला मंत्री भी रहे हैं।