मीरीलाल कांति मंडल का फाइल फाेटो।
- फोटो : Samvad
फंदे पर लटका मिला एमआर, सुसाइड नोट छोड़ा
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में मेडिकल रिप्रजेंटेटिव (एमआर) अपने कमरे में फंदे पर लटका मिला। घर पर मौजूद बेटियों ने रस्सी काटकर एमआर को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक ने सुसाइड नोट में भारी कर्जा होने की वजह से आत्महत्या करने की बात लिखी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया।
मूल रूप से त्रिलोकपुरी दिल्ली निवासी मीरीलाल कांति मंडल (55) शुभडेल कालोनी में अपनी पत्ली आरती मंडल, तीन बेटियों रजनी मंडल, माधुरी और अक्षत्रा के साथ रहते थे। वे एमआर का काम करते थे। रविवार दोपहर आरती मेट्रोपोलिस सिटी में घरों में काम करने गई थी। घर पर तीन बेटी और पिता मीरीलाल मंडल मौजूद थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे अक्षत्रा ने अपने पिता मीरीलाल मंडल को अपने कमरे में पंखे पर लगाए फंदे पर लटका देखा। तीनों बहनों ने रस्सी काटकर अचेत हालत में मीरीलाल मंडल को नीचे उतारा और 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसएचओ सुंदरम शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बेटी रजनी से घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही कमरे में रखे सुसाइड नोट को जब्त कर लिया। मृतक की पत्नी आरती ने बताया कि पति कर्ज होने की वजह से परेशान रहते थे। कितना कर्ज था, यह मालूम नहीं है। प्रभारी सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि मीरीलाल मंडल ने सुसाइड नोट में किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।