जिला अस्पताल में मौजूद मृतक के परिजन।
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। जवाहर लाल नेहरु जिला अस्पताल में सोमवार सुबह दिल्ली से लौटे एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रामपुर बॉर्डर पर स्वास्थ्य जांच के बाद इस व्यक्ति को पुलिस राधा स्वामी सत्संग भवन में बनाये गए राहत शिविर ले गई थी। उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। हालत बिगड़ने पर उसे राधा स्वामी सत्संग भवन से जिला अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसकी मौत हो गई। मृतक की कोरोना जांच के ट्रू नेट मशीन से सैंपल लिया गया है।
संजय नगर, खेड़ा निवासी 46 वर्षीय व्यक्ति दिल्ली में नौकरी करता था। सोमवार सुबह करीब सात बजे वह दिल्ली से रामपुर बॉर्डर पर पहुंचा था। बुखार की शिकायत पर उसे किच्छा स्थित राधास्वामी सत्संग भवन ले जाया गया। जहां स्वास्थ्य जांच के दौरान उसकी सांस फूलने लगी। अफरातफरी में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। इधर, आइसोलेशन प्रभारी डॉ गौरव अग्रवाल ने कहा कि मृतक को सांस संबंधी बीमारी थी। एहतियातन कोरोना की जांच के लिए ट्रू नेट मशीन से उसका सैम्पल लिया गया है।