आवास विकास में प्रेमी के साथ रह रही युवती का शव फंदे पर लटका मिला। घटनास्थल से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। उसके प्रेमी से पूछताछ कर रही पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।
ताकुला विकासखंड जिला अल्मोड़ा के डोटियाल गांव की मूल रूपवासी कविता नगरकोटी उर्फ काजल (21) सिडकुल की फैक्टरी में नौकरी करती थी और तीन साल से शहर के आवास विकास स्थित बृहस्पति मंदिर के पास किराये पर रह रही थी।
करीब दो साल पहले उसका प्रेम प्रसंग पड़ोसी गांव के युवक से हो गया था। इसलिए वह भी उसके साथ शहर में रहकर सिडकुल की एक फैक्टरी में नौकरी करता था। शुक्रवार रात ड्यूटी से लौटे प्रेमी ने देखा कि काजल का शव कमरे की छत पर लगे कुंडे से चुन्नी के सहारे लटक रहा था।
प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ
आनन-फानन फंदा काटकर उसने काजल को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची आवास विकास पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के शरीर में चोट के निशान नहीं हैं। फिलहाल पुलिस प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे हरिद्वार, कार्यकर्ताओं के साथ सुनी पीएम के मन की बात
मृतका के घर में पिता जगदीश सिंह, मां और दो छोटे भाई हैं। ट्रांजिट कैंप के थानाध्यक्ष सुंदरम शर्मा ने बताया कि घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।