बाजपुर/सुल्तानपुर पट्टी। डंपर ने श्रमिकों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सुल्तानपुर पट्टी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि अन्य श्रमिकों के मामूली चोटें आई हैं। ट्रॉली में कुल नौ श्रमिक सवार थे जो हरिद्वार से खटीमा जा रहे थे। घटना के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया।
मंगलवार सुबह पांच बजे हरिद्वार से खटीमा के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से नौ श्रमिक रवाना हुए। हाईवे स्थित गांव कनौरा में पेट्रोल पंप पास चालक सड़क किनारे ट्रैक्टर को रोक कर ट्रैक्टर में डीजल नाप रहा था। इस दौरान पीछे से डंपर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली में सवार सलमान (25) निवासी गांव लहबोली (हरिद्वार) की मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा इसरार (55), इमरान (40) और शहवाज (22) निवासी हरिद्वार गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने तीनों घायलों को सुल्तानपुर पट्टी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंची दोराहा पुलिस टीम ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेजा। ट्राली में सवार श्रमिक अल्लाहदियां निवासी रुड़की (हरिद्वार) ने बताया कि ट्रॉली में सवार सभी श्रमिक खटीमा में गुड़ बनाने का काम करने जा रहे थे। चालक पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर में तेल नाप रहे रहा था कि डंपर ने पीछे से उसमें टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया। ट्रॉली में सवार अन्य पांच श्रमिकों को मामूली चोटें भी आई हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी डंपर चालक की तलाश की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं मिली थी।