-07एसटीजी01पी: शक्तिफार्म में सड़क हादसे में मृतक अभिजीत। (फाइल फोटो)
शक्तिफार्म। सोशल मीडिया पर चर्चित होने की चाह में रील बनाने गए युवकों की स्कूटी एक पेड़ से टकरा गई। इससे स्कूटी पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें शामिल एक सिडकुल कर्मी की हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
रुदपुर निवासी अभिजीत मजूमदार (19) पुत्र दीवान मजूमदार बृहस्पतिवार को अपने मित्र रोहित घरामी (22) पुत्र दशरथ घरामी और विशाल साना (23) पुत्र शिव साना स्कूटी पर सवार होकर रील बनाने के लिए सिरसा मोड़ की ओर जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर अनियंत्रित होकर उनकी स्कूटी सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इससे स्कूटी सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों युवकों को सितारगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से अभिजीत को हल्द्वानी रेफर किया गया। वहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई। तीन भाई, बहनों में सबसे छोटा अभिजीत सिडकुल के एक उद्योग में कार्यरत था। परिजनों को अभिजीत के रील बनाने के लिए दोस्तों के साथ जाने का उन्हें पता नहीं था।