रुद्रपुर जिला अस्पताल में मां की मौत पर विलखता बेटा ऋषभ व परिजन।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। ससुराल जा रही बेटी को विदा करने के लिए हाईवे तक आई महिला को एक अनियंत्रित वाहन ने टक्कर मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मां की मौत के सदमे में बेटी मूर्छित होकर गिर गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार सुबह करीब सात बजे काशीपुर को जा रहे एनएच-74 पर पामग्रीन कॉलोनी निवासी अनीता सक्सेना (50) पत्नी नरेंद्र सक्सेना हल्द्वानी ससुराल जा रही अपनी बेटी स्वाति को विदा करने के लिए आई थी। दोनों मां-बेटी बस या टैंपो का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच वहां से गुजरे अज्ञात वाहन ने अनीता को टक्कर मार दी।
आरोपी चालक मय वाहन के मौके से फरार हो गया। अनीता की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख बेटी स्वाति बेहोश होकर गिर पड़ी। आसपास के लोगों ने बेटी को हाईवे किनारे पर पड़ा देखा तो तुरंत ही मां-बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने अनीता को मृत घोषित कर दिया।
अनीता के पति नरेंद्र सक्सेना सिडकुल की बजाज कंपनी में नौकरी करते हैं। उनका एक पुत्र ऋषभ सितारगंज की एक फैक्टरी में कर्मचारी है। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।