मृतक नंद किशोर(फाइल फोटो)। संवाद
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। अज्ञात कार चालक ने बाइक सवार वृद्ध और पैदल जा रहे दो लोगों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई जबकि एक वृद्ध और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्राम उईन वनकटिया निवासी शैलेष नगर में किराये पर रहकर बानूसा-पचपेड़ा के स्कूल में पढ़ाते हैं। उनके पिता नंदकिशोर (66) पुत्र दया राम मंगलवार शाम उन्हें सब्जी देने बाइक से आए थे। वापसी में झनकट के पास अज्ञात कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इसी कार की चपेट में आकर पैदल जा रहे झनकट निवासी किशन सिंह (70) और सड़ासड़िया निवासी संजना (19) भी घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने नंदकिशोर को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल किशन और संजना को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायलों का इलाज बरेली के निजी अस्पताल में चल रहा है। एसआई विनोद बोरा ने बुधवार को पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उनकी पत्नी शकुंतला देवी, पुत्र शैलेश, पुत्री दीपमाला, भागीरथी आदि शोकाकुल हैं।