काशीपुर। कैंची धाम की बाजार से कपड़े बेच कर लौट रहे व्यापारियों का पिकअप वाहन कालाढूंगी के पास डिवाइडर से टकराकर दुर्घटना ग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यापारी की मौत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हो गए। हादसा कालाढूंगी के पास हुआ।
काशीपुर के महमूद, कंचन, कौशल, शगुन, दीपू, नाजिम सहित नौ लोग 15 जून को पिकअप से कैंची धाम में मेले के दौरान लगे बाजार में कपड़े बेचने गए थे। वे शुक्रवार रात आठ बजे कैंची धाम से काशीपुर लौट रहे थे। रात लगभग 11 बजे रामनगर रोड पर कालाढूंगी के पास पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। घटनास्थल पर चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घायलों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल मोहल्ला काजीबाग निवासी महमूद (40) को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महमूद के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं।
ट्रेन की चपेट में आकर मजदूर की मौत
पंतनगर। थाना क्षेत्र के छतरपुर रेलवे क्रासिंग के पास संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। मृतक बिहार का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी से गायब चल रहा था। पुलिस के अनुसार रेलवे क्रासिंग किनारे मोबाइल पर गाना सुनते समय मजदूर ट्रेन की चपेट में आया है
शनिवार की सुबह लोगों ने छतरपुर रेलवे क्रासिंग के पास एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पर सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। शव के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान रंजन कुमार (23) पुत्र कृष्ण राम निवासी वार्ड नंबर-9 मधुरपुर पश्चिमी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक रंजन अन्य मजदूरों के साथ मटकोटा में रहता था और एक ठेकेदार के अधीन शटरिंग का काम करता था। मृतक के साथी मजदूर घटना को लेकर अनभिज्ञता जता रहे हैं। सिडकुल चौकी पुलिस के अनुसार मृतक बराबर ड्यूटी कर रहा था। वह मोबाइल पर गाना सुनते समय संभवतह: ट्रेन की चपेट में आया है। उसका टूटा मोबाइल पटरी के किनारे बरामद हुआ है। उसका पोस्टमार्टम कराकर लखनऊ से आए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
अज्ञात कारणों से दिहाड़ी मजदूर की मौत
पंतनगर। एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। शाहजहांपुर के खिरिया तिलहर निवासी सोनू (27) क्षेत्र में दिहाड़ी मजदूरी करता था। वह अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ जवाहरनगर के शिव कालोनी में लाला राम के मकान में किराए पर रह रहा था। सोनू के पड़ोसी और रिश्ते के मामा कृष्णा ने बताया कि सोनू बृहस्पतिवार को मजदूरी करने गया था। वहां तेज बुखार होने पर साथी मिस्त्री ने उसे दिहाड़ी दिलवाने का वादा करके घर भेज दिया था। वहां से आने के बाद वह उसे किच्छा में डाॅक्टर को दिखाकर लाया था। लेकिन शुक्रवार की शाम तबियत बिगड़ने पर उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना शाहजहांपुर में रहने वाले परिजनों को दे दी गई है।