रुद्रपुर। सितारगंज सेंट्रल जेल के 649 कैदियों को एचआईवी संक्रमण से क्लीन चिट मिल गई है। केंद्र सरकार के निर्देश पर पहली बार जेल में चलाए गए प्रिजन कैंपेन में कोई भी कैदी एचआईवी पॉजिटिव नहीं मिला है। हालांकि 14 कैदी हेपेटाइटिस -सी, चार कैदी हेपेटाइटिस-बी और एक कैदी टीबी संक्रमित पाया गया है। इसके अलावा बाल संप्रेक्षण गृह में भी 25 बाल अपचारियों की हुई विभिन्न स्वास्थ्य जांच में कोई भी किसी रोग से संक्रमित नहीं मिले।
विभिन्न जेलों में बंद कैदियों को एचआईवी संक्रमण की दृष्टि उच्च जोखिम समूह में शामिल किया गया है। नाको (राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम) की ओर से वर्ष 2030 तक देश का एड्स मुक्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। 15 मई से 14 जून तक जिले में एचआईवी जागरूकता के लिए शिविरों के आयोजन के साथ ही सितारगंज सेंट्रल जेल में अभियान चलाया गया। 15 मई, 17, 22 और 27 मई को जेल में बंद 649 कैदियों की एचआईवी, हेपेटाइटिस बी व सी और टीबी की जांच हुई।
हल्द्वानी उपकारागार में 45 कैदी व बंदी मिले थे एचआईवी संक्रमित
रुद्रपुर। अप्रैल में नैनीताल जिले की हल्द्वानी, हीरानगर स्थित उप कारागार में 45 कैदियों व बंदियों के एचआईवी संक्रमित मिलने से खलबली मच गई थी। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इनमें से अधिकतर कैदी व बंदी पहले से ही संक्रमित थे और इनका इलाज चल रहा है।
ऊधम सिंह नगर में मिले 79 एचआईवी संक्रमित
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में अप्रैल 2022 से मार्च 2023 तक कुल 79 एचआईवी संक्रमित मिले हैं। इनमें 52 व 27 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से आठ गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।
डॉ. जयंत का ओएसटी प्रशिक्षण के लिए चयन
रुद्रपुर। एचआईवी संक्रमण की रोकथाम पर सरकार और स्वास्थ्य विभाग का विशेष फोकस है। कोलकता में 19 जून को होने वाले ओएसटी प्रशिक्षण के लिए ऊधम सिंह नगर जिले से दिशा की टीम के डॉ. जयंत नंद जोशी का चयन हुआ है। प्रशिक्षण में इंजेक्शन और नशीली गोलियों से बढ़ रहे नशे की प्रवृति पर रोक लगाने को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सितारगंज सेंट्रल जेल में 649 कैदियों की एचआईवी जांच हुई थी, सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हेपेटाटिस बी व सी और टीबी संक्रमित मिले कैदियों का इलाज शुरू कर दिया गया है। -डॉ. राजेश आर्य, जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम।