बाढ़ से टूटी पुलिया की जगह बना गड्ढा दो बच्चों की जान ले गया। ईसाई फार्म नौसर के दो बच्चों की इस गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि विकासखंड के अफसरों ने यहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर दी होती तो दो मासूमों की जान नहीं जाती।
ईसाई फार्म से कुछ ही दूरी पर स्थित पुलिया बाढ़ में बह चुकी है और वहां सात फुट गहरा और 15 फुट लंबा गड्ढा बन गया है। अनिल मसीह के परिवार के पांच बच्चे शुक्रवार शाम इस मार्ग पर जा रहे थे।
आगे गड्ढे से अनजान पूजा दस वर्ष पुत्री पीटर, पूजा का भाई साहिल और 12वर्षीय वंश पुत्र अनिल मसीह मार्ग पर ही भरा पानी समझ उसमें उतरे तो गड्ढे में जा गिरे। उनको डूबता देख उनके साथ गई रोशनी और यश ने शोर मचाया तो नजदीक के खेत में धान निराई कर रहे दीवान मसीह और पप्पू सिंह ने तीनों बच्चों को बाहर निकाला। तब तक पूजा और वंश की मौत हो चुकी थी जबकि साहिल की हालत गंभीर थी।
साहिल को नगर के निजी चिकित्सालय में लाया गया जहां से उसे अन्यत्र रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। समाचार लिखे जाने तक मृतकों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस में चिकित्सकों का इंतजार कर रहे थे।
साहिल और पूजा के परिजन पंजाब के गुरदासपुर में रहते हैं। ये दोनों भाई बहन अपने मौसा अनिल मसीह के घर आए थे। आपस में रिश्तेदार दो परिवारों के दो बच्चों की एक साथ हुई मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
गांव के ही विशाल और एडविन का कहना है उन्होंने पुलिया क्षतिग्रस्त होने और यहां गड्ढा बन जाने के संबंध में ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और विकास खंड के अधिकारियों को बताया था और वैकल्पिक व्यवस्था करने का आग्रह किया था लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यहां पर रास्ता सही कर दिया गया होता तो यह हादसा नहीं होता।