सुरई रेंज में झाड़ू की सीक बीनने गए अधेड़ को बाघ ने मार दिया। मृतक की पहचान महोफ ग्राम न्यूरिया पीलीभीत उत्तर प्रदेश निवासी हरिनंद (52) पुत्र मूलचंद के रूप में हुई है। हरिनंद अपनी पत्नी नन्नी देवी और दो अन्य लोगों के साथ सुरई रेंज में कक्ष संख्या 47 बी बीट पंचम में झाड़ू की सीक बीनने गया था। उसी दौरान बाघ ने हमला कर दिया।
रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि दोपहर करीब 12 बजे हरिनंद अपनी पत्नी व दो अन्य लोगों के साथ सुरई के जंगल में झाड़ू की सीक बीनने गए थे। इस दौरान बाघ ने झपट्टा मारकर हरिनंद को अपने जबड़े में फंसाकर जंगल में घसीट लिया।
हरिनंद की पत्नी व अन्य मजदूरों ने इसकी सूचना बीट वाचर को दी। सूचना पर वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने 25 राउंड फायरिंग कर दो घंटे में बाघ के चंगुल से हरिनंद को छुड़ाया। सत्रहमील पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाघ के हमले की सूचना पर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों मे दहशत का माहौल है।
ट्रेन से कटे वृद्ध की दूसरे दिन शिनाख्त
हेमपुर के पास शनिवार देर शाम ट्रेन से कटकर एक वृद्ध की मौत हो गई थी। मृतक की शिनाख्त बलदेव सिंह (68) निवासी गांव ढकिया कला शिव नगर कॉलोनी काशीपुर के रूप में हुई। कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि मृतक बलदेव सिंह अपनी बड़ी बहन मंजीत कौर के पास रहता था। उसकी पत्नी और कोई संतान नहीं थी।
ये भी पढ़ें..Uttarakhand: विवि-कॉलेजों में पढ़ रहे हजारों छात्रों का भविष्य दांव पर, दाखिले न भर्तियों में मिल रहा मौका
बलदेव नशे का आदी था। शनिवार को बहन से दवाई लेने की बात कहकर काशीपुर गया था। वापस नहीं लौटा था। मृतक के रिश्तेदार ने बाजपुर सीएचसी में पहुंचकर शिनाख्त की। रिश्तेदार की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।