खटीमा। तीन दिन पहले सूखी नहर में डूबे युवक का शव रविवार को घटनास्थल से करीब ढाई सौ मीटर आगे बरामद हुआ। शव मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बानूसी निवासी राहुल खोलिया (26) पुत्र बहादुर सिंह खोलिया शुक्रवार शाम को अपने साथी ललित भाटिया के साथ नहाने के लिए लोहियाहेड बाईपास स्थित सूखी नहर में गया था। नहाते समय अचानक राहुल पानी के तेज बहाव में बह गया। इसके बाद खटीमा कोतवाली, झनकईया थाना और नानकमत्ता से पहुंची जल पुलिस ने युवक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। नहर का पानी बंद किया गया। तीसरे दिन रविवार शाम को नहर में जारी सर्च अभियान के दौरान 31वीं वाहिनी पीएसी, एसडीआरएफ आदि की टीमों ने युवक का शव बरामद किया। झनकईया थानाध्यक्ष अनिल जोशी ने बताया कि युवक का शव घटनास्थल से करीब ढाई सौ मीटर आगे मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।