गदरपुर में शव मिलने के बाद मौके पर जानकारी लेती सीओ ।
- फोटो : AMAR UJALA
गदरपुर। यूपी में तैनात हेड कांस्टेबल के बेटे का शव खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक मंगलवार की शाम तीन बजे घर से लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, सीओ दीपशिखा अग्रवाल ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
गदरपुर के बलराम नगर रोड पर स्थित निर्माणाधीन बाईपास के पास सतीश मुंजाल का खेत है। इस खेत को गांव के ही कल्याण दास ने ठेके पर ले रखा है। बुधवार को कल्याण अपने खेत में पानी लगाने गया था, जहां उसे युवक का शव पड़ा दिखा। उसने इसकी सूचना गदरपुर थाने के साथ ही आसपास के लोगों को दी। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एसओ जसविंदर ने शव की शनाख्त कराई तो उसकी पहचान यूपी के रामपुर पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल मनोज कुमार सिंह के बेटे अभय प्रताप सिंह (23) निवासी वार्ड आठ गदरपुर के रूप में हुई।
शव मिलने की सूचना पर सीओ दीपशिखा अग्रवाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची। जहां उन्होंने निरीक्षण कर जांच सम्बंधित आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मृतक मंगलवार की शाम घर से लापता हो गया था। उसकी मौत का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद चलेगा।
वहीं, युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता को भी इसकी सूचना दे दी गई है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।