काशीपुर। इस्राइल, अमेरिका और ईरान में चल रहे युद्ध के बीच काशीपुर के छात्र और नौकरीपेशा लोग दुबई में फंस गए थे। काशीपुर के व्यवसायी की बेटी सहित अन्य लोग सकुशल दुबई से काशीपुर पहुंच गए हैं जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
काशीपुर के व्यवसायी शक्ति प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि वह पिछले शनिवार को भारत आ गए थे लेकिन उनकी बेटी रिद्धिमा अग्रवाल दुबई में आर्किटेक्चर की पढ़ाई कर रही है। युद्ध के हालत के बाद दुबई में हालत खराब हो गए थे। शक्ति प्रकाश के आने के चार घंटे बाद हवाई सेवा बंद हो गई थी। मंगलवार, बुधवार को हवाई सेवा शुरू हुई तो उनकी बेटी सहित अन्य लोग भारत आ गए है। बेटी मंगलवार की देर रात काशीपुर पहुंची तो परिवार ने राहत की सांस ली।
हर घंटे फोन पर लेते रहे कुशलक्षेम
व्यवसायी ने बताया कि वह तो भारत आ गए थे लेकिन बेटी की चिंता सताए जा रही थी। हर घंटे फोन पर बेटी से बात करते थे ताकि उसकी कुशलक्षेम जान सकें। हालांकि दुबई में जहां बेटी रहती थी वहां हालात ज्यादा खराब नहीं थे फिर भी बेटी की चिंता लगी रही। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले दुबई के हालात और खराब हो गए थे। ऐसे में जैसे ही हवाई सेवा शुरू हुई तो बेटी को बुला लिया। उन्होंने बताया कि जब तक हालात सामान्य नहीं होंगे तब तक बेटी भारत में ही रहेगी।