दबंगों ने एक विधवा के खेत में खड़ी गेहूं की फसल रातों-रात काट ली और उसे जान से मारने की धमकी दी। विधवा ने कोतवाली 15 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लौका गांव की भागमती पत्नी स्व. श्रीकांत ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा कि गांव में उसके काश्त काबिज की करीब दो एकड़ भूमि पर गेहूं की फसल पककर तैयार हो चुकी थी। गुरुनानक नगरी गांव के 14 लोग लौका गांव के एक व्यक्ति के साथ रात को हाथों में बंदूकें, तलवार और लाठी-डंडे लेकर उसके खेत पर पहुंचे। आरोपियों ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी फसल काट ली।
इसकी सूचना मिलने पर उसने आरोपियों के सहयोगियों से संपर्क कर गेहूं की फसल काटकर ले जाने की शिकायत की तो आरोपियों ने उसकी जमीन पर हमेशा के लिए कब्जा करने की धमकी दी। फसल काटने का विरोध जताने पर आरोपियों ने गालियां दीं और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और काटी गई फसल वापस दिलाने की मांग की है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।