शक्तिफार्म सुरेंद्रनगर में जलाभिषेक के लिए कतार में लगे शिव भक्तों की भीड़।
- फोटो : SITARGANJ
बंगाली समुदाय के लोग पूरे चैत्र माह शिव भक्ति में लीन रहते हैं। चैत्र माह का अंतिम सोमवार होने के चलते सुरेंद्र नगर स्थित तारकेश्वर धाम में भोर से ही जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिर से करीब आठ किमी दूर पैदल चलकर कैलाश नदी से पवित्र जल लाकर जलाभिषेक किया। सबसे पहले हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों के जत्थों ने जलाभिषेक किया।
तड़के करीब तीन बजे से ही तारकेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। शिव भक्तों ने तारकेश्वर धाम से करीब 8 किमी दूर स्थित कैलाश नदी से नंगे पांव पैदल चलकर पवित्र जल लाकर शिवालय में जलाभिषेक किया। आम श्रद्धालुओं से पूर्व हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे करीब छह कांवड़ियों के जत्थों ने सर्वप्रथम जलाभिषेक किया।
पवित्र चैत्र माह में जलाभिषेक के लिए अंतिम सोमवार होने के चलते सुरेंद्रनगर स्थित तारकेश्वर धाम के अलावा देवनगर, रूदपुर, बैकुंठपुर, सनातन धर्म मंदिर एवं गुरुग्राम स्थित शिवालयों में शिव भक्तों की अपार भीड़ जुटी रही। इस दौरान शिव भक्तों की ओर से लगाए गए गगनभेदी भोलेनाथ के जयकारे से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष रंजीत हालदार, नगर पंचायत चेयरमैन सुकांत ब्रह्म, परेश मंडल, रविंद्र बड़ल, सुशांत राय, संजीत विश्वास, देवाशीष पोद्दार, गोविंद सरकार आदि मौजूद थे।
विधायक ने किया टिनशेड का लोकार्पण
शक्तिफार्म। पवित्र चैत्र माह में सुरेंद्रनगर स्थित तारकेश्वर धाम में ठहरने वाले शिव भक्तों की बड़ी संख्या को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक सौरभ बहुगुणा ने अपनी विधायक निधि से टिनशेड निर्माण कराए जाने की घोषणा की थी। निर्माण कार्य पूर्ण होने पर सोमवार को विधायक सौरभ बहुगुणा ने टिनशेड का लोकार्पण किया। शिव भक्तों को अब ठहरने के लिए असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। (संवाद)