महाशिवरात्रि पर्व पर श्री भीमशंकर (मोटेश्वर) महादेव मंदिर समेत सभी प्रमुख शिवमंदिरों में जलाभिषेक किया जाएगा। कोरोना को लेकर जारी हुई एसओपी के अनुसार इस वर्ष मोटेश्वर महादेव मंदिर में बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, शुगर के रोगी और 10 साल से कम उम्र के बच्चे जलाभिषेक नहीं कर सकेंगे। इधर भारी संख्या में काशीपुर पहुंचे कांवड़ियों का लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया।
महाशिवरात्रि पर कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लाकर मोटेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। हर साल एक लाख से अधिक शिवभक्त यहां पहुंचते हैं। इस बार कोविड-19 के चलते एसओपी जारी की गई है। मंदिर के प्रबंधक राघवेंद्र नागर ने बताया कि एसओपी के अनुसार बुजुर्ग, बीमार, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। जलाभिषेक की कतार में दो व्यक्तियों के बीच छह फीट की दूरी रहेगी। इस दौरान मास्क का उपयोग अनिवार्य होगा। आरोग्य सेतु का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा।
जलाभिषेक के लिये बुधवार शाम से ही कांवड़ियों की लाइन लगनी शुरू हो गई है। देर रात 12 बजे आरती के बाद जलाभिषेक के लिये मंदिर के द्वारा खोल दिये जाएंगे। यह क्रम बृहस्पतिवार की शाम तक चलेगा। विभूति शेखर नागर, अरुण नागर, नूतन शंकर नागर आदि जलाभिषेक की व्यवस्था संभालेंगे। बृहस्पतिवार शाम चार बजे से चार पहर की पूजा प्रारंभ की जाएगी जो शुक्रवार सुबह तक चलेगी। एएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिये एक प्लाटून पीएसी, जिला मुख्यालय से आए पुलिस कर्मियों के अलावा काशीपुर और आईटीआई थाने का पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
कांवड़ियों के लिए जगह-जगह लगे भंडारे
काशीपुर। काशीपुर मीडिया सेंटर ने जीजीआईसी के सामने कांवड़ियों और आम नागमरिकों के लिए भंडारा चलाया। एएसपी प्रमोद कुमार और मीडिया सेंटर प्रभारी दिलप्रीत सेठी सहित अन्य पत्रकारों व पुलिस कर्मियों ने लोगों को भंडारे का प्रसाद बांटा। एमपी चौक पर ठेला खोखा फड़ यूनियन ने कांवड़ियों को फल बांटे। वहां पर अनिल कुमार, शैलेंद्र मिश्रा, जितेंद्र सरस्वती, अर्पित मेहरोत्रा आदि थे।
कुंडेश्वरी मार्ग पर समाज सेवी बाबू राम ने दो स्थानों पर पंडाल लगा कर लंगर चलाया। पार्षद अनिल कुमार, पूर्व प्रधान आनंद और मंगत राम ने कांवड़ियों को फल बांटे। चैती मैदान में काशीपुर विधानसभा क्लब ने विशाल भंडारा चलाया। वहां पंकज टंडन, अलका पाल, डॉ. एमए राहुल, इंतजार हुसैन, गुरविंदर चंडोक आदि थे। रतन सिनेमा रोड पर बालाजी न्यूज पेपर एजेंसी के स्वामी रवी यादव ने मोहल्ले के लोगों के साथ कांवड़ियों की सेवा के लिए भंडारा चलाया। गंगे बाबा मंदिर और रुद्रपुर मार्ग पर चैती चौराहा के पास स्थित विकास खंड परिसर में कांवड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई थी।
मंदिर के आकार का कांवड़ लेकर पहुंचा कांवड़िया।- फोटो : KASHIPUR
कांवड़ यात्रा में तिरंगे के साथ पहुंचे कांवड़िये।- फोटो : KASHIPUR
दिव्यांग महिला को लंगर का प्रसाद देते एएसपी प्रमोद कुमार।- फोटो : KASHIPUR
चैती मैदान के महाशिवरात्रि मेले में लगी लोगों की भीड़।- फोटो : KASHIPUR
कॉवड़ियों द्वारा लाए गए कांवड़।- फोटो : KASHIPUR
कोशीपुर में लंगर में प्रसाद ग्रहण करते कांवड़िये।- फोटो : KASHIPUR