कुंडा थाना क्षेत्र में बाइक सवार एक युवक संदिग्ध हालात में गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया। राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से शिनाख्त हुई। गोली किसने मारी इसका खुलासा नहीं हो सका है। अनुमान लगाया जा रहा है कि तमंचा उसकी जेब में रखा होगा, जिससे गोली चल गई। पास ही एक तमंचा भी बरामद हुआ है।
शुक्रवार को शाम करीब छह बजे कुंडा पुलिस को सूचना मिली की कुंडा हरियावाला मार्ग पर बाबरखेड़ा मोड़ के कुछ आगे प्लांटेशन के सामने सड़क किनारे पुलिया पर गोली लगने से घायल एक युवक पड़ा है। सूचना पर सीओ जीसी टम्टा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को उठाकर सरकारी अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक के गुप्तांग के पास गोली लगी थी। मृतक की जेब में आधार कार्ड और दो मोबाइल मिले। जिससे उसकी शिनाख्त शाकिब (18) पुत्र छिद्दा निवासी ग्राम खेड़ा थाना लक्ष्मीपुर जसपुर के रूप में हुई। पुलिस ने मोबाइल में दर्ज नंबरो पर मृतक के परिजनों को सूचना दी। कुछ समय बाद ही मृतक के तीनों भाई पहुंच गए।
सीओ जीसी टम्टा ने बताया कि शाकिब जसपुर में मोटर बाइडिंग की एक दुकान पर काम करता था। शाम को 5 बजे तक वह अपने साथियों के साथ दुकान पर बैठा देखा गया। उसकी बाइक उसका दूसरा भाई कहीं लेकर गया था। इसलिए वह एक पड़ोसी से बाइक मांगकर हल्दुआ फैक्ट्री में काम की तलाश में जाने की बात कहकर गया था। मृतक के पास से बाइक भी नहीं मिली। सीओ ने कहा कि घटना के समय जो युवक साथ था वह बाइक लेकर फरार हो गया। शाकिब चार भाइयों मे सबसे छोटा और अविवाहित था। छिद्दा के चार पुत्र नाजिम, जाकिर, शाकिर और शाकिब थे। सीओ ने बताया पुलिस गोली लगने की घटना की जांच कर रही हैै। जल्दी ही खुलासा हो जाएगा।
कौन था शाकिब के साथ
काशीपुर। सीओ ने बताया जिस स्थान पर शाकिब घायलावस्था में मिला है, उससे लगभग 200 मीटर दूर तक एक बोर का तमंचा मिला है। वहां से खून की लकीर युवक के पड़े होने के स्थान तक बनी थी। घटनास्थल के निकट ग्रामीणों ने बताया एक बाइक पर दो युवक बैठे थे। अचानक गोली चलने की आवाज आई। इसके बाद पीछे बैठा युवक आगे की ओर झुक गया। कुछ दूरी पर बाइक सवार घायल को छोड़कर भाग गया।
बाबरखेड़ा गांव की रोड पर क्यों गए दोनों
काशीपुर। मृतक के साथियों और परिजनों ने बताया कि वह हल्दुआ की किसी फैक्ट्री में गया था। जबकि घटनास्थल हल्दुआ से काफी आगे कुंडा और हरियावाला मार्ग पर है। सवाल यह उठता है कि हरियावाला मार्ग पर क्यों आया। इसका जवाब इसके साथी के पकड़े जाने पर ही मिल सकता है।
गोली किसी ने मारी या खुद चली
काशीपुर। सीओ जीसी टम्टा ने बताया मृतक के अगले भाग में पेंट की जेब के पास में गोली लगी है। गोली की दिशा नीचे को है और कपड़ा घाव के अंदर नहीं घुसा है। जिससे गोली के खुद चलने की संभावना है। गोली मृतक के जेब में रखे तंमचे से चली या किसी ने मारी। अभी यह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में ही स्पष्ट होगा।