पक्की खमरिया में पत्नी सहित दो बच्चों की नृशंस हत्या करने के आरोपी ज्ञानी को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया है। वहीं हल्द्वानी के एसटीएच में भर्ती उसकी तीन साल की मासूम बेटी की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। उधर, खमरिया गांव में इस तरह की घटना से ग्रामीण सदमे में हैं। जो भी गांव का व्यक्ति इस घटना पर चर्चा करता है उसका दिल पसीज उठता है।
शुक्रवार को पूरे गांव में हत्याकांड की चर्चा रही। ग्रामीणों का कहना था कि आखिर ज्ञानी ने क्यों ऐसा कदम उठाया। उधर पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की, लेकिन आरोपी हर बार एक नई कहानी गढ़ने लगता, इससे पुलिस की परेशानी भी बढ़ गई है। शुक्रवार दोपहर बाद मृत महिला के परिजन बरेली से उसके गांव खमरिया पहुंच गए, इसके बाद पुलिस ने शवों को महिला के परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली पुलिस के अनुसार कच्ची खमरिया निवासी ज्ञानी बृहस्पतिवार को देर शाम घर पहुंचा और उसने पत्नी पार्वती, पुत्री ममता, राधा और पुत्र सागर के साथ घर में आंगन में बैठकर खाना खाया था।
खाना खाने के कुछ देर बाद भी ज्ञानी का अपनी पत्नी से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों काफी देर तक लड़ते झगड़ते रहे। बाद में पार्वती ने बच्चों को सुला दिया और पास के ही पलंग पर खुद भी लेट गई। इस दौरान पहले से ही खार खाए बैठे ज्ञानी को पत्नी का इस तरह का व्यवहार नागवार गुजरा और उसने पत्नी की गर्दन काट डाली। पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद उसने अपनी 11 वर्षीय पुत्री ममता और 6 वर्षीय पुत्र सागर पर भी कांपे से वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस बीच उसने बगल में ही सो रही अपनी तीन साल की मासूम पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह कांपा हाथ में लेकर उसे छिपाने के लिए निकल पड़ा।
बताया जा रहा है कि कांपे को छिपाने के बाद वह मलसा गिरधरपुर स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां पहुंच और कपड़े बदलकर फिर गांव आ धमका। इस बीच किसी अनहोनी की आशंका से लोग सिहर उठे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत से कांपा भी बरामद कर लिया। इधर शुक्रवार को हत्यारोपी को अदालत में पेश करने बाद जेल भेज दिया गया।
हत्यारोपी का होगा मेंटल टेस्ट : एसएसपी
रुद्रपुर। पक्की खमरिया में पत्नी, पुत्री और पुत्र की नृशंस हत्या करने के आरोपी का बरेली के मेंटल हास्पिटल में मानसिक परीक्षण किया जाएगा। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि हत्यारोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिस कारण से आरोपी का मेंटल टेस्ट कराया जाएगा। अदालत में प्रार्थना पत्र लगाने के बाद आरोपी को परीक्षण के लिए बरेली ले जाया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि हत्यारोपी ज्ञानी की मानसिक स्थिति के संबंध में अभी कुछ कहना ठीक नहीं होगा। मानसिक परीक्षण में अगर वह मनोरोगी नहीं पाया गया तो उसे फांसी की सजा दिलाने के लिए ठोस पैरवी की जाएगी। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से कुछ उलझी-उलझी बातें कर रहा है, जिससे उसका मानसिक उपचार किया जाना जरूरी है।
बार-बार बयान बदल रहा है आरोपी
रुद्रपुर। पक्की खमरिया में अपने ही परिवार को मौत के घाट उतारने का आरोपी पुलिस पूछताछ में बार-बार बयान बदल रहा है। कभी वह अपनी पत्नी को प्रेम प्रसंग के चलते मौत के घाट उतारने की बात कहता है तो कभी बरेली स्थित पैतृक निवास की जमीन को लेकर वह भ्रम की स्थिति पैदा करने में लगा हुआ है। इतना ही नहीं बच्चों के पत्नी की मौत के बाद बच्चों के पालन पोषण में होने वाली परेशानी से बचने के लिए उसने उन्हें भी मौत के घाट उतारने की बात कही।
ज्ञानी को नहीं है कोई पछतावा
रुद्रपुर। अपनी पत्नी, पुत्री और पुत्र को मौत के घाट उतारने वाले हत्यारोपी ज्ञानी को कोई पछतावा नहीं है। पुलिस अभिरक्षा के दौरान हत्यारोपी के चेहरे के हावभाव से कुछ ऐसा ही प्रतीत हुआ। एसएसपी कार्यालय के बाहर जब मीडिया कर्मियों ने आरोपी ज्ञानी से बात की तो उसे अपने कृत्य पर कोई आत्मग्लानी नहीं हुई। हत्यारोपी ज्ञानी कई बार शातिराना अंदाज में भी बात कर रहा था। जितनी निर्ममता से हत्यारोपी ने अपनी पत्नी और बच्चों की गर्दन काटी है उससे उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं है। बिंदास अंदाज में पुलिस कर्मियों के साथ हाथों में हथकड़ी पहने वह मीडिया कर्मियों के सवालों पर भी हंसता हुआ दिखाई दिया।