भूरारानी क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों बवाल हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चली जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं पीड़ित परिवारों की ओर से मामले की तहरीर पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है इस प्रकरण को लेकर दोनों पक्षों में कई बार सिर फुटव्वल की नौबत आ चुकी है। पंचायत भी बैठाई जा चुकी है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हुआ।
भूरारानी में फूलिया रानी पत्नी राजेंद्र साहनी का मकान है। उसके पास ही विनोद साहनी, मनोज साहनी और विजय साहनी के भी मकान हैं। बताया जा रहा है कि उनके मकान पर नंद किशोर साहनी और मोहन साहनी कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार तनातनी हो चुकी है। शुक्रवार को भी दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। आरोप है कि नंदकिशोर और मोहन साहनी पक्ष के लोगों ने विनोद, राजेंद्र, मनोज और अशोक साहनी के घरों में जमकर उत्पात मचा दिया।
चार घरों में दर्जनभर से ज्यादा हथियारबंद लोगों ने जमकर तोड़फोड़ कर डाली। घरों में रखे टीवी, फ्रिज, रसोई सहित कई अन्य सामान तो तोड़फोड़ कर तहस नहस कर दिया। इतना ही नहीं दबंग घर में रखी हजारों की नगदी और लाखों का जेवर भी पार कर ले गए। विरोध करने में दबंगों ने अशोक साहनी की जमकर पिटाई लगा दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इधर देर शाम दोनों पक्षों के बीच फिर तनातनी हो गई। वहीं पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी ली। वहीं ग्राम प्रधान भूरारानी किशन खेड़ा भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
दिन में हुई थी पंचायत
रुद्रपुर। दो परिवार के बीच जमीन के विवाद को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत हो चुकी है। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद और तनातनी को देखते हुए शुक्रवार दोपहर को भी पंचायत बुलाई गई थी। जिसमें दोनों पक्षों के बीच किसी विवाद में नहीं पडने का संकल्प भी लिया। बताया जा रहा है कि जैसे ही पंचायत निपटी, वैसे ही नंदकिशोर और मोहन पक्ष के दर्जनभर लोगों ने उनके घरों पर जमकर तांडव मचा दिया और पूरा सामान तोड़ कर तहस नहस कर दिया।