अवैध खनन के खिलाफ तीन विभागों की कार्रवाई से खनन क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ड्राइवर अपने वाहन छोड़ कर भाग खड़े हुए। काशीपुर और बाजपुर क्षेत्र में अवैध खनन की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी डा. पंकज कुमार पांडेय ने राजस्व, परिवहन और पुलिस महकमे की संयुक्त टीम गठित की। इस टीम ने भारी संख्या पुलिस बल के साथ खनन क्षेत्र में छापेमारी की। इससे वहां पर हड़कंप मच गया और उपखनिजों की निकासी कर रहे श्रमिक अपने फावड़े आदि छोड़कर भाग खड़े हुए। टीम ने पुलिस बल के साथ वाहन लेकर भाग रहे लोगों दौड़ा लिया। पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए ड्राइवर अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर आदि वाहन को छोड़कर भाग खड़े हुए। अपर जिलाधिकारी (कानून-व्यवस्था) आशीष भटगईं ने बताया कि काशीपुर के पैगा रोड, कुंडेश्वरी और बाजपुर के कोसी नदी खनन क्षेत्र में छापेमारी की गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर सहित 31 भार वाहन पकड़े गए। टीम में काशीपुर अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, बाजपुर एसडीएम तीरथपाल, बाजपुर सीओ राजीव मोहन, एआरटीओ (इन्फोर्समेंट) द्वारिका प्रसाद, जसपुर-काशीपुर एसडीएम विनीत कुमार आदि सहित तमाम पुलिस कर्मी शामिल थे।