विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने खेमपुर गांव के एक युवक पर अश्लील भाषा का मैसेज भेजने, कार्यालय में पोस्टर चस्पा कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया। विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा को पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद पंचायत कर निपटाने का प्रयास भारी पड़ गया है।
पंचायत से नाराज खेमपुर निवासी विकास सिंह राणा पुत्र स्व. देवी सिंह विधायक को मोबाइल पर लगातार गाली-गलौज के साथ अश्लील मैसेज भेज रहा है।
विकास ने रविवार को विधायक के कैंप कार्यालय में जान से मारने की धमकी देते हुए अश्लील भाषा में पोस्टर चस्पा कर दिए। इससे पूर्व भी विकास ने पोस्टर चस्पा किए थे।
विधायक राणा ने थानाध्यक्ष को नामजद तहरीर दे कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विकास सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी विकास के घर दबिश दी। लेकिन वह फरार हो गया।