सरकारी हाईस्कूल की जमीन पर कब्जा करने के विरोध में स्कूली छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों ने बरेली रोड पर यातायात जाम कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सख्ती की तो छात्रों में भगदड़ मच गई, जिससे एक छात्र चोटिल हो गया। एसडीएम विजय जोगदंडे ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दशहरा और मोहर्रम की छुट्टियों के बाद सोमवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल खुला तो प्रार्थना से पहले ही छात्र मुख्य मार्ग पर आकर हंगामा करने लगे।
उन्होंने स्कूल गेट पर छुट्टी के दौरान दुकान बनाने के विरोध में नारेबाजी की। उत्तेजित छात्रों ने बराबर की एक दुकान से पुराने टायर उठाकर सड़क पर जलाने का भी प्रयास किया।
इस बीच छात्रों के हंगामे की सूचना पर कोतवाल रविंद्र कुमार चमोली, एसएसआई योगेश उपाध्याय, एसआई मनोज कोठारी समेत बड़ी तादाद में पुलिस टीम पहुंच गई और छात्रों को सड़क से स्कूल भेजा।
इस बीच छात्र स्कूल परिसर में भी नारेबाजी करते रहे। जाम के दौरान मची भगदड़ में गिरने से कक्षा 10 के छात्र अरविंद के सिर में चोट लग गई है। हंगामे के चलते स्कूल में प्रार्थना सभा भी नहीं हो सकी।
बाद में कोतवाल रविंद्र कुमार चमोली ने स्कूल प्रधानाचार्य बीसी बमेठा को छात्रों को उनकी कक्षा में भेजने को कहा। इस बीच एसडीएम विजय कुमार जोगदंडे, चकबंदी अधिकारी, नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी प्रतिमा कोहली ने दुकानदार के अभिलेखों की जांच पड़ताल की।
शिक्षकों ने बताया कि स्कूल समय से पहले ही छात्रों ने यहां आकर हंगामा कर दिया था। जिस समय छात्र सड़क पर गए, उस समय स्कूल लगा भी नहीं था। वहां चेयरमैन महेंद्र चावला, पुष्करराज जैन, जीवन चंद्र पंत, फरियाद शाह, इम्तियाज मलिक आदि लोग थे।