बृहस्पतिवार रात चोरों ने वार्ड सात निवासी महबूब अहमद के घर पर धावा बोला और लाखों के जेवर समेत बीस हजार रुपये नकद उड़ा लिए। परिजनों को घटना की जानकारी सुबह हुई।
वार्ड सात निवासी महबूब अहमद सिनेमा हाल के पास डिश का काम करता है। चोर महबूब के घर में छत के रास्ते से घुस गए। महबूब अपने परिवार के साथ सो रहा था। चोरों ने घर के अंदर से कीमती सामान का बैग व अटैची उठाई और छत पर ले गये जहां पर सारा सामान खंगाला। महबूब ने बताया कि चोर सोने का तीन तोले का हार, डेड़ तोले के झुमके एक तोले के टाप्स, डेढ़ तोले की चेन के अलावा कीमती मोबाइल और बीस हजार नकदी चुरा ले गए। घटना की सूचना पर पूर्व सभासद नजाकत खान समेत मोहल्ले के कई लोग मौके पर पहुंचे। कोतवाली से एसआई राजेंद्र सिंह, कुलदीप आर्य, ताजवीर शाही आदि मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आर्य ने बताया कि चोरों की तलाश में मोहल्ले के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
घर के बगल के गोदाम को भी खंगाला
किच्छा। महबूब के घर के बराबर में बने गोदाम में चीनी के बताशे बनते हैं। बताशे बनाने वाले बाबू ने बताया कि चोर उनके गोदाम से दस किलो बताशे का थैला भी ले गए हैं। इधर, विकास कॉलोनी निवासी केदार सिंह ने बताया कि रात को उनके घर से चोर दो हजार नकद और मोबाइल चुरा ले गए हैं।