नैनीताल हाईवे में बारात की बस और पिकप की टक्कर के बाद हंगामा हो गया। दोनों वाहनों के चालकों में जमकर हाथापाई हुई और दोनों ही लहूलुहान हो गए। पौने घंटे तक चलते हंगामे के चलते हाइवे में यातायात बाधित होता रहा। पुलिस के पहुंचने पर दोनों पक्षों में समझौते के बाद मामला सुलट गया।
हल्द्वानी से बारात की बस दिल्ली जा रही थी। पीएसी गेट के समीप अचानक आगे चल रही कार ने ब्रेक लगा दिए। जिसके चलते पीछे चल रही पिकप और उसके पीछे बस के चालक को ब्रेक लगाने पड़े। लेकिन पिकप के पीछे बस टकरा ही गई। जिसके बाद पिकप चालक नईम और बस चालक चांद के बीच सड़क पर ही तकरार के बाद हाथापाई हो गई।
चांद ने हाथों से नईम का मुंह नोंच डाला। जिसके चलते वह लहूलुहान हो गया, हालांकि मारपीट में चांद को भी चोटें पहुंची। हंगामे के चलते भारी भीड़ एकत्र हो गई और कार चालक चुपके से खिसक लिया। हंगामे और दोनों वाहनों के खड़े होने की वजह हाइवे में यातायात बाधित हो गया।
करीब पौने घंटे बाद दो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और दोनों वाहनों को किनारे खड़ा कर चालकों को साथ ले गए। कुछ समय बाद दोनों चालकों में समझौता होने के बाद वे अपने वाहनों को लेकर गंतव्य को रवाना हो गए।