हाइवे पर कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। कार रुद्रपुर निवासी व्यक्ति की बताई गई है।
शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे गांव धीमरखेड़ा निवासी साबिर (30) पुत्र अशफाक बाइक (यूए06जी2787) से अपने रिश्तेदार के घर बाजपुर आ रहा था।
हाइवे पर गणेशपुर पुलिया के पास पीछे से आ रही कार सुजुकी बैलेनो (यूके 06एएल8628) ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे साबिर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और कार चालक एक ट्रक में सवार होकर फरार हो गया। साबिर को तत्काल सीएचसी बाजपुर लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर मौके पर जुटी भीड़ ने कार में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। काशीपुर से पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
सूचना पर एएसपी डॉ. जगदीश चंद, सीओ महेश बिन्जोला, बाजपुर कोतवाल वीडी उनियाल, केलाखेड़ा एसओ वीरेंद्र रमोला ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस ने जली कार और बाइक कब्जे में ले ली। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। एएसपी ने मामले की जांच एसओ वीरेंद्र रमोला को सौंपी है।
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
बाजपुर। साबिर हुसैन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन सीएचसी बाजपुर पहुंचे। साबिर के दो बेटे रईस (9) और अनस (7) हैं। उसकी पत्नी गुलआसमां का भी रोरोकर बुरा हाल है। साबिर राजमिस्त्री का काम करता था।
कार में आग लगाने वालों पर होगा केस
बाजपुर। पुलिस क्षेत्राधिकारी एमसी बिन्जौला ने बताया कि केलाखेड़ा थाना पुलिस कार में आग लगाने वालों को चिन्हित करने में जुटी है। जांच पड़ताल कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इधर, बताया जा रहा है कि हादसे के बाद जुटी भीड़ में से कुछ अज्ञात लोग कार में आग लगाकर फरार हो गए।