बीएचईएल कंपनी में काम करने वाले एक सुपरवाइजर की बीती रात हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूल रूप से मध्य प्रदेश के जिला छतरपुर गांव नहदौरा का रहने वाला जगदीश पाल (30) पुत्र हरिचरण पाल किच्छा थाने के लालपुर गांव में रहकर किच्छा बाइपास रोड स्थित बीएचईएल कंपनी में बतौर सुपरवाइजर काम करता था। बुधवार देर रात जगदीश कंपनी में ही काम करने वाले किच्छा निवासी नदीम (18) पुत्र मोहम्मद यामीन के साथ बाइक से अपने घर की ओर जा रहा था।
तीनपानी रोड पर सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने जगदीश की बाइक को टक्कर मार दी। वाहन के नीचे कुचलने से जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नदीम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नदीम को 108 सेवा की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाकर जगदीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जगदीश की मौत की खबर सुनकर उसके पिता हरिचरण और भाई मनीष रुद्रपुर पहुंचे। मृतक के पिता ने बताया कि जगदीश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और करीब डेढ़ साल से बीएचईएल कंपनी में काम कर रहा था। मृतक की पत्नी कस्तूरी और दो बच्चे मध्य प्रदेश में ही रहते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।