मकान का दिनदहाड़े ताला तोड़ हजारों की चोरी
धौलाना। सपनावत स्थित शहीद मेजर महेंद्र सिंह स्मारक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में रह रही एएनएम के मकान का दिनदहाडे़ ताला तोड़कर एलईडी, मोबाइल व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी एएनएम के बेटे के घर पहुंचने पर हुई। चौकी पहुंची एएनएम को पुलिस ने टरका कर थाने भेज दिया।
संध्या रानी पत्नी विनोद कुमार निवासी फूलापुर थाना कोना पर जिला आजमगढ़ ने बताया कि 21 मार्च 2016 से वह धौलाना ब्लॉक में बतौर एएनएम के पद पर कार्यरत है। वर्तमान में वह आजमपुर-दहपा में सेवारत है। दो बच्चों की मां संध्या ने बताया कि दस साल का बेटा स्कूल जाता है। बेटी को वह साथ लेकर जाती हैं। बृहस्पतिवार करीब 1:30 बजे जब बेटा स्कूल से लौट कर घर पहुंचा तो आंवटित आवास का ताला टूटा मिला। वहीं चोर दीवार पर लगी एलईडी, मोबाइल व पांच हजार रुपए ले गए। आरोप है कि जब घटना की सूचना देने पति के साथ चौकी पहुंची एएनएम को पुलिस ने टरका कर थाना भेज दिया। चौकी प्रभारी हरेंद्र राणा का कहना है कि वह मामले की जांच की जाएगी।