सपा नेता के बेटे ने आवासीय कालोनी में तमंचे से खूब फायरिंग की। नशे में धुत खुली जीप में सवार होकर वह कालोनी के लोगों को तब तक धमकाता रहा, जब तक लोग अपने घरों के अंदर चले गए। इसके बाद भी अपनी खुली जीप को कालोनी के एक छोर से दूसरे छोर तक तमंचे से फायरिंग करते हुए घुमाता रहा। इससे लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। कालोनी के लोगों ने कोतवाली का घेराव भी किया, मगर मामला आईटीआई थाने का बता करके पुलिस ने वहां भेज दिया। इसके बाद कालोनी के लोगों ने सपा नेता के बेटे के खिलाफ आईटीआई थाने में तहरीर दी।
शुक्रवार को दर्जनों लोग कोतवाली पहुंचे। लोगों ने डे-अफसर अशोक कुमार को बताया कि दुर्गा कालोनी निवासी एक सपा नेता का पुत्र बृहस्पतिवार को अपने साथियों के साथ नशे में धुत होकर खुली जीप से कालोनी में पहुंचा। इसके बाद वह और उसके साथी तमंचे से फायरिंग करने लगे। साथ ही जीप को एक छोर से दूसरे छोर तक घुमाने लगे। इससे कालोनी के भीतर सड़क पर घूम रहे लोगों में दहशत फैल गई।
सपा नेता के बेटे और उसके साथियों ने आने-जाने वालों से गालीगलौज भी की, जिसने विरोध करने की कोशिश की, उसे गोली से उड़ाने की धमकी देने लगे। घटना से महिलाएं डरी-सहमी हैं। लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आक्रोशित लोगों ने सपा पुत्र के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की धमकी दी। इस दौरान ग्राम प्रधान आनंद गिरीश तिवारी, हीरामणि बलोदी, दया किशन, प्रेम मठपाल, सुरेंद्र सिंह रावत, मीना बिष्ट, जानकी, विजयंती गोस्वामी, सुमित्रा, माया, सुशीला मौजूद थी।
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। मेरे क्षेत्र में इस तरह की घटना हुई है तो मैं कड़ी कार्रवाई करूंगा। वैसे मैं अभी डीआईजी की मीटिंग में हूं। -हरेंद्र चौधरी, आईटीआई, थाना इंचार्ज
किसी को भी गुंडागर्दी करने की छूट नहीं है। भले ही वह किसी नेता का पुत्र ही क्यों न हो? फायरिंग कर दहशत फैलाई है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। -कमलेश उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक, काशीपुर