कांग्रेसी नेता सतनाम सिंह सोनू हत्याकांड में पुलिस ने नामजद तीसरे आरोपी को भी नानकमत्ता बैराज के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर, देशी तमंचे के साथ ही जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। साथ ही हत्याकांड में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया है। पहले से गिरफ्तार दो आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बुधवार को सोनू हत्याकांड में नामजद तीन में से दो आरोपियों परमजीत सिंह डिंपल के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक कारतूस और हरप्रीत सिंह बाजवा उर्फ हैप्पी बाजवा के पास से 32 बोर का रिवाल्वर व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हत्या एवं जानलेवा हमले की धारा 302, 307 आईपीसी के साथ ही 25 आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग की धारा 30 के तहत चालान कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले दो कारतूस के साथ ही हत्याकांड में प्रयुक्त कार (यूके06एसी-6983) को भी सीज कर दिया। उधर, पुलिस ने बुधवार शाम को हत्याकांड में नामजद फरार चल रहे आरोपी हरपाल सिंह को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
सतनाम सिंह को दी अंतिम विदाई
दिवंगत कांग्रेसी नेता को अंतिम अरदास में जनप्रतिनिधियों एवं सैकड़ों लोगों ने अंतिम विदाई दी।
बुधवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख पति सतनाम सिंह सोनू को ग्राम सिद्धा स्थित मुक्तिधाम घाट में हुई अंतिम अरदास में सैकड़ों लोगों ने सतगुरु से आत्मा की शांति की अरदास की। अरदास के उपरांत सोनू के छोटे भाई हरमन सिंह ने मुखाग्नि दी। आस्ट्रेलिया से छोटी बहन अमनजोत कौर भी बुधवार को पहुंचीं। वहां पर विधायक प्रेम सिंह राणा, गोपाल सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक रणजीत सिंह, ठाकुर शिववर्धन सिंह, केडी गहतोड़ी, शीश राम राणा, महेश जोशी, राजीव अग्रवाल, मलूक सिंह खिंडा आदि थे।