पुलिस ने छापेमारी कर एक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर दो महिला और होटल मालिक सहित चार युवकों को गिरफ्तार किया है। तलाशी लेने पर उनके पास से 21 हजार नकद और आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई हैं। जबकि मौका पाकर एक युवक फरार हो गया।
शनिवार देर रात सीओ एमसी बिंजौला और नवनियुक्त कोतवाल तुषार बोरा ने पुलिस बल के साथ दोराहा रोड स्थित होटल कैहलो फूड प्लाजा में छापेमारी की। कमरा नंबर 201 में चार पुरुष और एक महिला और कमरा नंबर 107 में एक पुरुष और एक महिला को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया।
कमरा नंबर 201 से गिरफ्तार महिला से 15,520 रुपये और कमरा नंबर 107 से गिरफ्तार महिला से 5480 रुपये और आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं। मौका पाकर केलाखेड़ा के गांव गणेशपुर निवासी उदयपाल फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी है।
पुलिस ने पकड़े गए यूपी के गांव लाहौरी रामपुर निवासी सुरेंद्र सिंह, बाजपुर स्टेशन रोड निवासी संजीव कुमार, यूपी के गांव लच्छीवाला रामपुर निवासी प्रेमपाल और होटल मालिक कुलवीर सिंह और दो महिलाओं के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। टीम में एसएसआई नासिर हुसैन, दिनेश भट्ट, भूमिका पांडे, खीम सिंह, नरेंद्र राठी, अनुज त्यागी, सुनीता, भगवती आदि थे। बताते हैं कि कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने मामले को हल्का करने के लिए कोतवाल से बातचीत करने की कोशिश भी की।
आर्थिक स्थिति को बताया वजह
बाजपुर। कोतवाल तुषार बोरा ने बताया कि महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि आर्थिक स्थिति के कारण वह यह कार्य करती थीं। महिलाओं को 500 से 1000 रुपए मिलते थे। पुलिस मोबाइल नंबरों की पड़ताल कर रही है। बता दें कि होटल में लंबे समय से अनैतिक देह व्यापार होने की सूचनाएं मिल रहीं थी।