खटीमा में पुलिस को वारदात के बारे में बताते पीड़ित व्यापारी।
- फोटो : amar ujala
टनकपुर के राइस मिलर को झांसा देकर बदमाशों ने उनकी कार से तीन लाख की नकदी से भरा बैग उड़ा लिया। सीसीटीवी फुुटेज के आधार पर बाइक सवार दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि कहीं राइस मिलर का टनकपुर से ही तो पीछा न किया जा रहा हो और सुनसान इलाके में कार को पंक्चर कर वारदात को अंजाम दे दिया।
टनकपुर के मुख्य बाजार निवासी रामरतन लाल एंड कंपनी राइस मिल के स्वामी सुनील शरण अग्रवाल पुत्र भगवत शरण मंगलवार सुबह अपने पुत्र परवेश शरण के साथ मंगलवार सुबह कार से मझोला कस्बा स्थित रामरतन लाल एंड कंपनी के धान खरीद केंद्र जा रहे थे। मंगलवार की सुबह करीब 10:30 बजे टनकपुर-पीलीभीत रोड पर लकड़ी टाल के पास अचानक उनकी कार पंक्चर हो गई।
परवेश कार से उतरकर पंक्चर वाले को बुलाने चले गए। इस बीच, सुनील भी कार से बाहर निकले। तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और कुछ पूछने के बहाने उन्हें बातों में उलझाए रखा। इस बीच, उसके साथी ने कार में रखा तीन लाख रुपये से भरा बैग उड़ा दिया। कुछ देर बाद जब सुनील कार में बैठे तो देखा कि बैग गायब है।
उन्होंने अपने बेटे को बुलाया। इसके बाद पिता-पुत्र कोतवाली गए और वारदात की जानकारी दी। पुलिस टीमों ने जगह-जगह लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को उठाया है। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक केस दर्ज नहीं हुआ था।
कोतवाली में जुटे टनकपुर के व्यापारी
खटीमा। टनकपुर के प्रमुख व्यापारी के साथ वारदात की सूचना मिलते ही टनकपुर से व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, संरक्षक रोहताश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, सुरेंद्र गुप्ता, नासिर और मनीष अग्रवाल आदि व्यापारी कोतवाल से मिले। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की। खटीमा के व्यापारी भी पीड़ित के समर्थन में कोतवाली में डटे रहे।