शहर के इंदिरा चौक पर एक ट्रक ने स्कूटी को रौंद दिया, जिससे स्कूटी चालक आढ़ती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वे सनातन धर्म सभा के कोषाध्यक्ष भी थे।
घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। माडल कालोनी निवासी राजकुमार राजदेव (52) मंडी समिति में करम चंद राजदेव नाम से आढ़त चलाते थे। मंगलवार तड़के 4.30 बजे वह कार्तिक मास पर शहर में निकाली जा रही प्रभात फेरी में पत्नी को साथ लेकर गए।
करीब 7 बजे प्रभात फेरी समाप्त होने पर उन्होंने पत्नी को घर पहुंचाया और खुद अपनी स्कूटी संख्या यूए06जी 7211 पर से आढ़त की ओर रवाना हो गए। इंदिरा चौक पर ट्रक संख्या आरजे 14-2जी 1453 ने स्कूटी को रौंद दिया। ट्रक से कुचलकर राजकुमार राजदेव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर पहुंचे सीपीयू और पुलिस के जवानों ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़, नंदलाल भुड्डी, महेश बब्बर, हाकम चंद अनेजा, हरिचंद मिड्ढा सहित शहर के तमाम लोग घटना की जानकारी लेने जिला अस्पताल पहुंच गए।
मिलनसार थे राजदेव
सड़क हादसे में राजकुमार राजदेव की मौत से परिजनों समेत शहर के तमाम लोग स्तब्ध रह गए। राजदेव मिलनसार व्यक्ति थे। धार्मिक कार्यों में वह हमेशा अग्रणी रहते थे। उनकी साफ सुथरी छवि को देखते हुए ही उन्हें शहर की प्रमुख धार्मिक संस्था श्री सनातन धर्म सभा के कोषाध्यक्ष पद का दायित्व भी सौंपा गया था। व्यवसाय के साथ-साथ उन्हें अकसर सुबह शाम के समय पांच मंदिर में सेवा करते देखा जाता था। मंगलवार को अचानक उनकी मौत पर किसी को यकीन नहीं हो रहा था।