मेलाघाट से खटीमा की ओर आ रहा ऑटोरिक्शा झनकइया में पेट्रोल पंप के पास पलट गया। जिसमें दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती करवाया गया है।
सवारियों से भरा ऑटोरिक्शा बृहस्पतिवार को यूपी सीमा से खटीमा की ओर आ रहा था। तभी झनकइया पेट्रोल पंप के पास अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।
जिससे दबकर जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेेश के ग्राम नौजलिया निवासी ब्रजेंद्र सरकार (42) पुत्र नारायण सरकार की मौके पर ही मौत हो गयी। ब्रजेंद्र मजदूरी के लिए राजस्थान जा रहा था। वह परिवार का एकमात्र सहारा था।
अब उसके परिवार में पत्नी सहित चार परिजन बचे हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अन्य घायलों में माला, सुमन बैरागी, सरस्वती का सीएचसी में उपचार कराया जा रहा है।