रविंद्रा फ्लोर मिल के मुनीम से दिनदहाड़े पौने तीन लाख रुपयों से भरा थैला लूटने वाले बाइक सवारों में से एक की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर ली है।
वह मुरादाबाद (यूपी) का निवासी है। रुद्रपुर में भी एक व्यक्ति से छह लाख लूटने में भी उसका हाथ होने की संभावना है। बदमाश ने मुनीम को लूटने से पहले तीन महीने काशीपुर में रहकर रेकी की थी।
पुलिस मुनीम से दो लाख अस्सी हजार रुपयों भरा थैला लूट कर भागे बदमाशों को शीघ्र ही दबोचने वाली है। एक सूत्र ने बताया कि रुद्रपुर में तकरीबन एक महीने पहले एक व्यक्ति से तकरीबन छह लाख रुपये लूटने वाले बदमाश और काशीपुर के मुनीम से दो लाख अस्सी हजार रुपये लूटने वालों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल गई है।
पुलिस ने फुटेज को देखा तो पता चला कि दोनों घटनाओं में एक ही व्यक्ति शामिल है। वही व्यक्ति काशीपुर टांडा उज्जैन रेलवे लाइन किनारे मलिन बस्ती में लूट की घटना से तीन महीने पहले से रह रहा था।
बताया जाता है लूट की घटना में जो बाइक प्रयोग की गई थी, वह टांडा उज्जैन में किराए पर रहने वाले के पास थी। सूत्रों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में जिस व्यक्ति की तस्वीर है, वह मुरादाबाद का शातिर झपट्टा मार और लुटेरा है। वह तकरीबन तीन महीने से काशीपुर में रहकर मुनीम की रेकी कर रहा था।