आवास विकास निवासी युवक को बाइक सवारों ने पहले तो अपहरण कर लिया और बाद में जगतपुरा ले जाकर उसे तमंचों की बटों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोगों को एकत्र होता देख आरोपी देख लेने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंप आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आवास विकास निवासी अमित कुमार वाहन चलाकर अपने परिवार का गुजर बसर करता है। सोमवार को वह मुरादाबाद गया हुआ था। देर रात वह रुद्रपुर पहुंचा और घर को जाने लगा। इसी बीच रास्ते में आधा दर्जन बाइक सवारों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसे जबरन अगवा कर जगतपुरा ले गए। जहां पर उन्होंने उससे मारपीट की। यही नही हमलावरों ने तमंचों के बटों से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जिससे वह लहूलुहान हो गया। उसके शोर मचाने पर राहगीरों को एकत्र होता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल हालत में अमित आवास विकास चौकी पहुंचा और मामले की जानकारी दी। बाद में पुलिस ने अमित का जिला अस्पताल में उपचार कराया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंप आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। आवास विकास चौकी इंचार्ज डीआर टम्टा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।