पत्नी पर तेजाब फेंककर हत्या करने के आरोपी तक पहुंचने में पुलिस पांच महीने बाद भी विफल रही है। संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी उसका सुराग नहीं लग सका है। कोर्ट से एनबीडब्ल्यू लेने के बाद अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने के लिए आवेदन किया है।
बीते 17 अगस्त की देर शाम एमपी चौक में बॉब की शाखा के पास फैक्ट्री से काम कर घर लौट रही लौट रही मीनाक्षी (25) निवासी पंजाबी सराय के साथ उसके पति अनिल ठाकुर निवासी मोहल्ला कोट अमरोहा ने मारपीट की थी। इस दौरान उसने तेजाब भरी बोतल मीनाक्षी पर उड़ेल दी। महिला को बचाने आए कमलजीत और उसका भतीजा देवेेंद्र निवासी बगवाड़ा कुंडा भी तेजाब के छींटे पड़ने से मामूली रुप से झुलस गए थे।
मीनाक्षी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उपचार के लिए उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भेजा गया था। पुलिस ने मीनाक्षी की तहरीर पर पति अनिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। लेकिन घटना के बाद आरोपी को पकड़ने में पुलिस ने लापरवाही बरती।
इधर, उपचार के दौरान बीते 20 नवंबर को मीनाक्षी ने हल्द्वानी में दम तोड़ दिया। मीनाक्षी की मौत और आरोपी पति की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अमिता लोहनी ने काशीपुर में धरने में बैठने की चेतावनी दी थी।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी पर दर्ज मुकदमे की धारा को हत्या में तरमीम कर दिया गया था। आरोपी के संभावित ठिकानों में दबिश दी थी, लेकिन अब तक वह हत्थे नहीं चढ़ सका है। सीओ राजीव मोहन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनबीडब्ल्यू लेने के बाद अब कोर्ट में कुर्की के लिए आवेदन किया गया है। उसे पकड़ने को कई बार घर अमरोहा सहित अन्य जगहों पर दबिशें दी गई थी, लेकिन हत्थे नहीं चढ़ सका।