बाजपुर कोसी नदी खनन क्षेत्र में छापेमारी करते एसडीएम और खनन उपनिदेशक।
- फोटो : अमर उजाला
खनन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान खामियां मिलने पर दो स्टोन क्रशरों के क्रय विक्रय और 10 खनन पट्टों की निकासी पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई है। खनन कार्य शुरू होने के बाद प्रशासन की ओर से यह पहली कार्रवाई है।
शुक्रवार को एसडीएम विवेक प्रकाश, खनन उपनिदेशक राजपाल लेघा ने राजस्व व खनन टीम के साथ कोसी कांटा रोड स्थित एलएससी और ओम इंफ्राटेक स्टोन क्रशर पर छापेमारी की। इस दौरान दोनों क्रशरों पर सीसीटीवी कैमरे की रीडिंग में ट्रैक्टर ट्राली की नंबर प्लेट सही नहीं दिखाई पड़ रही थी, साथ ही वीडियो भी साफ नहीं दिखाई दे रहा था। संदेह की स्थिति प्रतीत होने पर दोनों स्टोन क्रशरों के क्रय और विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई। रोक सीसीटीवी कैमरे ठीक होने तक जारी रहेगी।
इस दौरान टीम ने गांव पटौटी क्षेत्र में मंजूर खनन पट्टों का निरीक्षण किया। स्वास्तिक धर्मकांटा, बसंत सहकारी समिति धर्मकांटे खुले पाए गए, जबकि न्यू कोसी धर्मकांटा, कोसी धर्मकांटे बंद मिले। सीसीटीवी की जांच करने पर रीडिंग नहीं मिली। इस पर एसडीएम ने 10 खनन पट्टों से निकासी पर अग्रिम आदेश तक तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी। कहा कि कैमरे की रीडिंग सही होने पर ही निकासी खोली जाएगी।
उधर टीम ने कोसी बांध पर छापेमारी कर अवैध खनन में लिप्त छह ट्रैक्टर ट्राली और एक ट्राली को सीजकर अग्रिम आदेश तक क्रशर ओमकार इंफ्राटेक के पार्टनर राधेश्याम की सुपुर्दगी में दिया गया है। इसके अलावा रामराज रोड से दो ट्रैक्टर ट्रॉली और दो दस टायरा ट्रकों को सीज कर एलएससी के प्रबंधक के सुपुर्द कर दिया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, चालक को भेजा जेल
नानकमत्ता। पुलिस ने नदी से अवैध उपखनिज ला रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया तथा चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। प्रतापपुर चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह बिष्ट शुक्रवार को टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान रेत से भरी ट्रॉली की चेकिंग के दौरान चालक के पास कोई कागजात नहीं मिले। इस पर पुलिस ने अवैध खनन में लिप्त ट्रैक्टर (यूके06एपी8052) और चालक सोनू निवासी सिसईखेड़ा को थाने ले आई। पुलिस ने ट्रॉली को सीज कर आरोपी खिलाफ के खिलाफ धारा 379,411 तथा 3/ 57 उत्तर प्रदेश उप खनिज अधिनियम 1967 के तहत मामला पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया। टीम में कांस्टेबल वोविंदर कुमार और नवनीत कुमार थे।