ढेला पुल के नीचे गेहूं के खेत में अज्ञात वृद्ध का सड़ा गला शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। वृद्ध की हत्या कर शव फेंके जाने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी भिजवा दिया।
रविवार सुबह गंगेबाबा रोड स्थित ढेला पुल के नीचे स्थित छिद्दू के खेत में लेबर गेहूं काट रही थी। इस बीच किसी मजदूर ने खेत में सड़ा-गला शव पड़ा देखा। जिसकी सूचना मजदूरों ने खेत स्वामी को दी। कटोराताल चौकी के एसआई एसएन तिवारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों के साथ ही थाना क्षेत्रों में भी जानकारी लेकर शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। संभावना जताई जा रही है कि किसी अन्य स्थान पर हत्या कर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है। एसआई तिवारी ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 65 वर्ष है। शव करीब एक सप्ताह पहले का है। उन्होंने बताया कि शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा।