रिश्तेदारी में नानकपुरी टांडा जा रहे बाजपुर निवासी टाटा सफारी सवारों पर कार सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने तमंचे और चाकू से वार भी किया। जिससे वे लोग घायल हो गए। बाद में आरोपी टाटा सफार, 15 हजार रुपए की नगदी और 10 तोला सोने के जेवरात भी लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। साथ ही घायल मां-पुत्र का जिला अस्पताल में उपचार कराया।
पुलिस के मुताबिक बाजपुर केशोवाला मोड निवासी शमशेर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह की नानकपुरी टांडा निवासी बुआ की कुछ दिनों पहले मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को शमशेर अपनी मां बलवंत कौर, ताई जसवीर कौर, बहन अमनजीत कौर, जीजा मंजीत और जीजा की मां परमजीत कौर को साथ लेकर बुआ के भोग में शामिल होने टाटा सफारी संख्या यूपी-30-टी-0975 से नानकपुरी टांडा जा रहे थे। जैसे ही वे लोग लालपुर स्थित तुलसी द्वार से एक किलोमीटर आगे पहुंचे तो कार सवार बदमाशाें ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान कार सवारों ने शमशेर सिंह से मारपीट करते हुए उससे 15 हजार रुपए की नगदी छीन ली। यह देख शमशेर के परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट की। इस दौरान उन्होंने शमशेर सिंह और उसकी मां, बहन पर चाकू और तमंचों की बटों से हमला कर दिया। जिससे वे लोग घायल हो गए। बाद में हमलावर महिलाओं से करीब 10 तोला सोने के जेवरात और टाटा सफारी कार लूटकर फरार हो गए। शमशेर ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। साथ ही घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।