ग्राम झगड़पुरी में चार माह पूर्व ब्याह कर लायी गई विवाहिता की ससुराल में हत्या कर दी गई। पुलिस की जांच को भटकाने के लिए उन्होंने हत्या को लूट का रूप दे दिया। ससुराल वालों का कहना था कि घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट के दौरान विवाहिता को गोली मारी थी। जबकि मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया है। पुलिस ने पति, ससुर और जेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। झगड़पुरी के वाहिद अली के बेटे मेहरबान का विवाह चार माह पहले रामपुर (यूपी) की स्वार तहसील के गांव मीरापुर निवासी नजाकत अली की बेटी फईम जहां के साथ हुआ था।
मंगलवार सुबह मेहरबान अली ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर में सोया था। बरामदे में पिता अब्दुल वाहिद और मां शफीकन सोई थी। करीब तीन बजे हथियारों से लैस दो नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। आते हुए उन्होंने पहले अब्दुल और उसकी पत्नी शफीकन को जगाकर बंधक बना लिया। इसके बाद मेहरबान के कमरे का दरवाजा खुलवाया।
जैसे ही मेहरबान ने कमरे का दरवाजा खोला तो बदमाशों ने तमंचे के बल उसे व उसकी पत्नी को भी बंधक बना लिया। एक बदमाश सेफ में रखे जेवरात और नगदी निकालने लगा। इस दौरान पत्नी फईम जहां के विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली फईम के सिर में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गये। उसके बाद बंधक परिवार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, उन्होंने दरवाजा खोला।
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना थाने में दी। एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले, एएसपी रुद्रपुर पंकज भट्ट, एएसपी काशीपुर कमलेश उपाध्याय, सीओ राजेश भट्ट, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट दयाल शरण सहित पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस पड़ताल में जुट गई। इसके लिए बाकायदा पुलिस की छह टीमें गठित कर दी गई।
इसी बीच मायके वाले भी यहां पहुंच गए। उन्होंने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने हंगामा कर रहे मायकेवालों को जांचोपरंात कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। एसएसपी आनंद शंकर ताकवाले, अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने घटना स्थल पर पहुंच कर मौका मुआयना किया और पुलिस क्षेत्राधिकारी बाजपुर मिथलेश कुमार से घटना के बारे में जानकारी ली। साथ ही घटना का शीघ्र खुलासा किए जाने के निर्देश दिए।
पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले वाले शव अपने गांव ले गए और वहीं उसे सुपुर्दे-खाक किया।
इस बीच जनाजे में वहां पहुंचे मेहरबान अली और उसके पिता को पुलिस ने पड़ताल के लिए हिरासत में ले लिया। घटना में मेहरबान के भाई रहमत अली के शामिल होने पर उसको भी हिरासत में लिया गया है। फिलहाल देर रात तक सभी आरोपियों से पूछताछ जारी थी।
इस पूरे घटनाक्रम में प्रेस प्रसंग का मामला सामने आया है। इसकी जांच की जा रही है। पता चला है कि इस मामले में हत्यारोपी का अपनी भाभी के साथ शादी से पहले से ही प्रेम प्रसंग था। इसी आधार पर पुलिस जांच कर रही है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
- कमलेश उपाध्याय, एएसपी काशीपुर
कब्र पर पहुंचने के बाद उखड़े गढ़े मुर्दे
गदरपुर क्षेत्र में लूट के बाद हुई हत्या के मामले में मृतका की कब्र उसकी मौत का सच बता गई। मंगलवार तड़के हुई घटना में जहां मामला लूट के बाद हत्या का लग रहा था वहीं देर शाम शव के दफनाने के लिए कब्रगाह पहुंचने पर पूरे प्रसंग ने नया मोड़ ले लिया। कथित तौर पर पति ने भाभी के प्यार में अपनी ही नवविवाहिता पत्नी को मौत की नींद सुला दिया।
मंगलवार तड़के गदरपुर में हुए फईम जहां हत्याकांड में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को दफनाने के लिए मायके वाले मीरापुर, स्वार ले गए। मायके वालों के आरोप के बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदली और हत्याकांड का खुलासा कर दिया। फईमजहां और मेहरबान अली दोनों के परिजन जब शव को दफनाने के लिए कब्रिस्तान पहुंचे तो इसी बीच फइम जहां के परिजनों ने मेहरबान के घरवालों से उनकी बेटी की मौत का कारण पूछते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिसमें लड़के पक्ष ने इस बात को कबूला कि उन्होंने किराए पर शूटर लेकर फईम की हत्या करवाई।
हत्या के पीछे पति का अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध होना बताया जा रहा है। जो मेहरबान की शादी से पहले से थे। बताया जा रहा है कि शादी के बाद फईम को उसके पति के भाभी के साथ अवैध संबंधों की भनक लग गई और ये बात मेहरबान अली बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने अवैध संबंधों को बचाने के लिए फईम को रास्ते से हटाने का मंसूबा तैयार किया। जिसके तहत मेहरबान अली ने शूटरों की व्यवस्था की और फईम को मौत के घाट उतारकर घटना को लूट का रूप दे दिया।
ग्रामीणों ने पिता-पुत्र को बचाया
स्वार (रामपुर)। देर शाम परिजनों ने मृतका के शव को सपुर्दे खाक कर दिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने विवाहिता के पति मेहरबान और ससुर को युवती की हत्या कर देने का शक जताते हुए घेर लिया। आक्रोशित भीड़ पिता-पुत्र को पीटने पर उतारू हो गई, लेकिन संभ्रांत लोगों ने भीड़ को शांत कराया। सूचना पर कोतवाल हरीश चंद्र जोशी ने पति व ससुर को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आए। सूचना उत्तराखंड पुलिस को दी। उत्तराखंड एएसपी कमलेश उपाध्याय, गदरपुर एसओ व एसओजी टीम कोतवाली पहुंच गई और दोनों से पूछताछ की। परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर सही कार्रवाई नहीं की गई तो वह अपने परिवार सहित कोतवाली के बाहर भूख हड़ताल पर बैठेंगे। एएसपी ने बताया कि गांव झगड़पुरी में जो लूटपाट की घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है, वह संदिग्ध है। युवती की हत्या का शक पति व अन्य परिजनों पर है। शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।