नाव देने से मना करने पर सात युवकों ने ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी। ग्रामीणों का पलड़ा भारी देखकर आरोपी अपनी दो बाइक और एक तमंचा मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने सात लोगों के खिलाफ तहरीर दे दी है।
ग्राम कटपुलिया निवासी जसवंत सिंह और काला सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार की रात लगभग दस बजे ग्राम ककराला निवासी गेजी नाव को ले जाने आया।
ग्रामीणों को कहना है कि उक्त लोग जंगल से लकड़ी की तस्करी करते हैं, जिस कारण उनको नाव ले जाने को मना कर दिया गया। मना करने के बाद उक्त अपने अन्य साथियों गुरमीत, बिल्लू, काका, मिठ्ठू, रंजीत, सोनू के साथ असलहे लेकर आ धमका। उन्होंने गाली गलौच और हवाई फायरिंग शुरु कर दी।
फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पुहंच गए, जो हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़े लोगों को अपनी ओर आता देखकर हमलावर दो बाइक जिसमें एक बिना नंबर और एक यूके06 डब्लू 5753 मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। एक हमलावर के हाथ से फायरिंग में प्रयुक्त तमंचा भी छीन लिया गया।
मौके से बरामद बाइक और तमंचा पुलिस को सौंप दिया है। घटना की तहरीर ग्रामीणों ने सात हमलावरों के खिलाफ पुलिस को सौंप दी है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।